भरसार में छात्रा की मौत का मामला गरमाया, आज भी जवाब के इंतजार में छात्र
पौड़ी गढ़वाल, 01 सितंबर (हि.स.)।भरसार स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में बीएससी हॉर्टिकल्चर चतुर्थ वर्ष की छात्रा मधु यादव की मौत का मामला मंगलवार को भी गरमाया हुआ है। सोमवार को छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर मेडिकल और एंबुलेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए थे।
छात्रों के अनुसार मधु यादव पिछले तीन-चार दिनों से बीमार थीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले पाबौ, फिर पौड़ी और श्रीनगर ले जाया गया। श्रीनगर से उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत होने के बावजूद आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मेडिकल सुविधा और प्रभावी एंबुलेंस व्यवस्था नहीं है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने इलाज के दौरान सामने आई परेशानियों व प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र जांच होना बाकी है।
क्लास संचालन पर भी छात्रों में नाराजगी
छात्रा की मौत के बाद परिसर में शोक और आक्रोश के बीच कक्षाओं के संचालन को लेकर भी छात्र-छात्राओं में नाराजगी सामने आई। छात्रों का कहना है कि ऐसी घटना के बाद उनकी भावनाओं और परिस्थितियों को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
छात्रों की प्रमुख मांग है कि मधु यादव की मौत के पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधा, पर्याप्त मेडिकल स्टाफ और तत्काल उपलब्ध होने वाली एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
छात्रों के प्रदर्शन के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

