ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया दमखम
पौड़ी गढ़वाल, 23 नवंबर (हि.स.)। युवा भारत, पौड़ी गढ़वाल (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से विकासखंड दुगड्डा के खेल मैदान मोटाढांक, हल्दुखाता मल्ला, कोटद्वार में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न युवा मंडलों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के सहायक प्रोफेसर (हिंदी) डॉ. विभावरी ने कहा कि ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में शारीरिक और मानसिक विकास के साथ टीम भावना, अनुशासन और खेल भावना भी विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।प्रतियोगिता के तहत पुरुष वर्ग की कबड्डी में युवा मंडल सावन क्लब ने युवा मंडल भाबर को हराकर खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में युवा मंडल बलभद्रपुर ने युवा मंडल हल्दुखाता को पराजित कर जीत दर्ज की।
दौड़ प्रतियोगिता के महिला वर्ग में काजल ने पहला, सलोनी ने दूसरा और रितिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में आशीष प्रथम, वंश द्वितीय और अक्षित तृतीय रहे। लंबी कूद के पुरुष वर्ग में कार्तिक ने पहला, आशीष ने दूसरा और अखिलेश ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में काजल प्रथम, शिवानी द्वितीय और अंकिता तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में जौनपुर, लालढांग, कलालघाटी और मोटाढांक समेत विभिन्न क्षेत्रों के युवा मंडलों ने प्रतिभाग किया। विजेता खिलाड़ियों और टीमों को मेडल, उपहार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में व्यायाम शिक्षक विनीत कुमार, आकाश भट्ट, जतिन रावत और काजल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के संचालन में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी गौतम और हिमांशु ने सहयोग किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी शिवम नेगी, दीपक कोटनाला और रक्षा गौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

