home page

बिना स्वीकृत अवकाश के नदारद मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई : डीएम

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 14 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, संस्थागत प्रसव, टीबी मुक्त भारत अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पताल व्यवस्थाओं तथा मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को जनपद के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में एसीएमओ डॉ. विनय कुमार त्यागी ने पीसीपीएनडीटी, निक्षय पोषण योजना एवं विभिन्न स्वास्थ्य सूचकांकों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में वर्तमान में 11 सरकारी एवं 21 निजी अल्ट्रासाउंड एवं सीटी स्कैन केंद्र संचालित हैं। सीएमओ शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी दी कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में रेबीज के टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है।

टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि चिन्हित 395 मरीजों में से 376 का उपचार प्रारंभ किया जा चुका है। एक्स-रे सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विकासखंडों में एक्स-रे मशीनें उपलब्ध नहीं हैं, वहां पोर्टेबल मशीनों के माध्यम से जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि वे 31 मई तक अपने अधीनस्थ अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करें।

उन्होंने कम लिंगानुपात वाले क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण अभियान चलाने व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी प्रभारी चिकित्साधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर नहीं जाएगा। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि बिना स्वीकृत अवकाश अनुपस्थित पाए जाने वाले चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाए।

साथ ही अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कर 30 जून तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसीएमओ डॉ. पारुल गोयल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जंगपांगी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष गुसाईं, डॉ. जितेंद्र भारती, डॉ. प्रदीप, डॉ. अमित मेहरा, डॉ. पूजा पाटिल, डॉ. मीनाक्षी वर्मा, डॉ. रमा रानी, ई डिस्ट्रिक मैनेजर सचिन भट्ट सहित सभी विकासखंडों के चिकित्साधिकारी आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह