बाबा पर जानलेवा हमले में वांछित महिला गिरफ्तार
हरिद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। बाबा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रही एक महिला आरोपित को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जनपद में फरार एवं वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में थाना श्यामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना श्यामपुर में दर्ज मुकदमें में वांछित चल रही महिला को दबिश देकर गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपित महिला बाबा की वाणी ईशा ट्रस्ट, बालाजी धाम के पास, गाजीवाला, कोतवाली श्यामपुर, हरिद्वार की निवासी है। पुलिस टीम ने 27 मार्च को उसके घर पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित महिला के विरुद्ध पहले से थाना भोण्डसी, जनपद गुरुग्राम (हरियाणा) भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

