बहादराबाद टोल प्लाजा पर घेराव के बाद स्थानीय लोगों को राहत
हरिद्वार, 05 मई (हि.स.)। ज्वालापुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक रवि बहादुर के नेतृत्व में मंगलवार को बहादराबाद टोल प्लाजा पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा का घेराव कर धरना दिया, जिसके चलते कुछ समय के लिए टोल पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और टोल शुल्क वसूली के खिलाफ आक्रोश जताया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को बिना टोल दिए गुजरने दिया, जिससे टोल प्लाजा पर जाम जैसे हालात बन गए।
विधायक रवि बहादुर ने आरोप लगाया कि नियमों के विरुद्ध स्थानीय लोगों से जबरन टोल वसूला जा रहा है, जबकि उन्हें छूट मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि टोल कर्मियों द्वारा आए दिन राहगीरों के साथ अभद्रता और मारपीट की घटनाएं सामने आती हैं। साथ ही, टोल पर जाम की समस्या के कारण एंबुलेंस जैसी आपात सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजवीर चौहान ने कहा कि टोल शुरू करते समय स्थानीय लोगों को टैक्स में छूट देने का वादा किया गया था, लेकिन अब उस को पूरा नहीं किया जा रहा। करीब दो घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद टोल प्रबंधन के अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता हुई। बातचीत में सहमति बनी कि टोल प्लाजा पर एक लेन स्थानीय लोगों के लिए टैक्स फ्री रखी जाएगी।
इस निर्णय के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में समझौते का पालन नहीं हुआ तो विरोध फिर से शुरू किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

