बद्रीनाथ धाम व औली मे हुई बर्फबारी
बद्रीनाथ, 15 नवंबर (हि.स.)। बद्रीनाथ धाम मे जहाँ सुबह से बर्फबारी शुरू हो गई थी वहीं दोपहर बाद औली मे भी बर्फबारी शुरू हो गई थी जो लगातार जारी है।
श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए सोमवार को बंद होंगें, कपाट बंद होने से एक दिन पूर्व रविवार सुबह से धाम मे बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ जो रुक रुककर लगातार जारी है। बर्फ के फुवारों के बीच हजारों श्रद्धालु पंक्ति बद्ध होकर भगवान बद्रीविशाल के दर्शन करते रहे, तीर्थंयात्री पहली बार बर्फ गिरते हुए देख खासे उत्साहित दिखे।
दोपहर होते होते विश्व विख्यात हिमक्रीड़ा केंद्र औली ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ना शुरू कर दिया था, औली -गोरसों बुग्याल सहित नीती -माणा घाटियों मे जोरदार हिमपात हुआ है। औली मे सीजन की पहली बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों व स्कीइंग प्रेमियों को इस बार अच्छी बर्फबारी की उम्मीदें बढ़ गई है। बहरहाल ऊंचाई वाले इलाकों मे बर्फबारी एवं निचले इलाकों मे मूसलाधार वर्षा के बाद सीमांत क्षेत्र मे कड़ाके की ठंड भी शुरू हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

