पौड़ी मे छह माह में 27 हादसों में 16 की मौत
पौड़ी गढ़वाल, 31 जुलाई (हि.स.)। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने परिवहन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित और प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
जिला कार्यालय के एनआईसी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स का नियमित निरीक्षण कर वहां आवश्यक सुधार कार्य, सड़क संकेतकों की व्यवस्था और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संयुक्त अभियान लगातार चलाने को कहा। पर्यावरण संरक्षण को सड़क सुरक्षा से जोड़ते हुए एडीएम ने सभी हॉटमिक्स प्लांट संचालकों से प्रति प्लांट कम से कम 1000 पौधे लगाने और उनके संरक्षण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जनवरी से जून 2026 के बीच मोटर वाहन अधिनियम के तहत 23,362 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 3,906 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की गई। इसी अवधि में जनपद में 27 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 16 लोगों की मौत हुई जबकि 44 लोग घायल हुए।
एडीएम ने अधिकारियों को दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण कर प्रभावी निवारक उपाय लागू करने और सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, एआरटीओ मंगल सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला सहित सभी उपजिलाधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

