home page

पौड़ी में बारिश का कहर, कोटद्वार में 92 तो चाकीसैंण में 80 मिमी बारिश

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले में बीते दो दिनों से जारी बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटे में औसतन 43.10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 92 मिमी बारिश कोटद्वार, 80 मिमी चाकीसैंण, 76 मिमी पौड़ी और 52 मिमी श्रीनगर में दर्ज हुई। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक थलीसैंण में 40, धुमाकोट में 35, यमकेश्वर में 24, लैंसडौन और चौबट्टाखाल में 11-11 तथा सतपुली में 10 मिमी बारिश हुई। वहीं श्रीनगर में अलकनंदा का जलस्तर 533.70 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 535 मीटर से नीचे है। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा का जलस्तर 339.20 मीटर रहा। बारिश के चलते जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। वहीं, बारिश से जिले के 8 मोटरमार्गो पर बोल्डर व मलबा आने से यातायात ठप पड़ा है। जिन्हें खोलने के लिए जेसीबी मशीने लगाई गई है लेकिन लगातार हो रही बारिश से सड़कों को खोलने में दिक्कतें हो रही है।

वहीं, प्रशासन की ओर से मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बनाए रखने की बात कही गई है।जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए सभी अधिकारियों को सतर्कता बरतने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह