पौड़ी में प्रवासी पंचायत में स्वरोजगार से पलायन रोकने पर दिया जोर
पौड़ी गढ़वाल, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में पलायन की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में राज्य सरकार ने स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयास तेज कर दिए हैं। मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित प्रवासी पंचायत-2026 में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए प्रवासियों, काश्तकारों, उद्यमियों और युवाओं ने गांवों के विकास, रोजगार सृजन और रिवर्स पलायन को लेकर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य पलायन निवारण आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. शरद सिंह नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले रिवर्स पलायन कर चुके काश्तकारों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। डॉ. नेगी ने कहा कि गांव लौटकर कृषि, बागवानी, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, जैविक खेती और अन्य स्थानीय आजीविका गतिविधियों में सफलता हासिल करने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रवासियों के अनुभवों और सुझावों के आधार पर ऐसी योजनाएं तैयार कर रही है, जिनसे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के स्थायी अवसर बढ़ सकें।
आयोग के सदस्य सचिव एके राजपूत ने बताया कि सभी जिलों में प्रवासी पंचायतों का आयोजन किया जा रहा है। आयोग के प्रयासों से अनेक लोगों ने रिवर्स पलायन कर गांवों में स्वरोजगार शुरू किया है और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। आयोग की सदस्य एवं गौरा देवी पुरस्कार से सम्मानित रंजना रावत नेगी ने महिलाओं को स्थानीय उत्पादों पर आधारित उद्यमों से जोड़ने, प्रशिक्षण और बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं आयोग सदस्य एवं पौड़ी जिला प्रभारी दिनेश रावत ने कहा कि प्रवासी नागरिकों का अनुभव और ज्ञान ग्रामीण विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में होमस्टे, पारंपरिक खेती, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, मशरूम उत्पादन और स्थानीय उत्पादों पर आधारित उद्यमों की अपार संभावनाएं हैं। यदि स्थानीय उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन सुनिश्चित किया जाए तो किसानों और उद्यमियों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। कार्यक्रम में रिवर्स पलायन कर स्वरोजगार स्थापित करने वाले काश्तकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने, उत्पादों के विपणन को मजबूत करने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी, प्रवासी काश्तकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

