home page

पौड़ी में एसडीएम के खिलाफ अधिवक्ताओं ने खोला मोर्चा

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 04 अगस्त (हि.स.)। जिला अधिवक्ता संघ पौड़ी ने एसडीएम पौड़ी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए 5 अगस्त से जनपद के सभी राजस्व न्यायालयों के अनिश्चितकालीन बहिष्कार का ऐलान किया है। इस संबंध में मंगलवार को आयोजित संघ की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।

संघ का आरोप है कि संयुक्त मजिस्ट्रेट द्वारा खुले न्यायालय में अधिवक्ताओं के साथ अभद्र एवं असम्मानजनक व्यवहार किया जाता है। संघ के सचिव गजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि संघ की बैठक में एसडीएम के खिलाफ अधिवक्ताओं की दलीलों को न सुनने, न्यायालयों के आदेशों की अनदेखी करने व स्वयं को कानून से ऊपर बताने जैसे गंभीर आरोप भी प्रस्ताव में लगाए गए हैं। कहा कि इस प्रकार का रवैया न्यायिक व्यवस्था और अधिवक्ताओं की गरिमा के विपरीत है। जिसके विरोधस्वरूप 5 अगस्त से सभी राजस्व न्यायालयों का अनिश्चितकालीन बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जब तक संयुक्त मजिस्ट्रेट का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

चेतावनी दी कि यदि कोई अधिवक्ता इस दौरान राजस्व न्यायालयों में उपस्थित होता है तो उसके विरुद्ध संघ की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह