home page

पोषण दिवस में महिलाओं को संतुलित आहार और योजनाओं की दी जानकारी

 | 
पोषण दिवस में महिलाओं को संतुलित आहार और योजनाओं की दी जानकारी


पौड़ी गढ़वाल, 22 सितंबर (हि.स.)। ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न बाल विकास परियोजना क्षेत्रों में पोषण दिवस और सामुदायिक आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और ग्रामीणों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

बाल विकास परियोजना दुगड्डा के मानपुर-4 आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण वाटिका तैयार करने के साथ स्थानीय व मौसमी खाद्य पदार्थों के महत्व की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को ‘सुनहरे हजार दिनों’ की अवधारणा के साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महालक्ष्मी किट और नंदा गौरा योजना की जानकारी दी गई।

थलीसैंण के चाकीसैंण सेक्टर में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत पोषण सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई। यहां एक गर्भवती महिला की गोद भराई कर पोषण किट और दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। वहीं पैठाणी सेक्टर के सेराबडकोट आंगनबाड़ी केंद्र में ‘सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही’ थीम पर गतिविधियां आयोजित कर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह