पेशावर कांड के नायक को डाॅ रावत ने अर्पित की श्रद्धांजलि
पौड़ी गढ़वाल, 23 अप्रैल (हि.स.)। थलीसैण क्षेत्र के पीठसैण में गुरूवार काे पेशावर कांड की स्मृति में ‘क्रांति दिवस मेले’ का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली जन विकास समिति, पीठसैण ने किया। पूरे आयोजन में देशभक्ति, गौरव और प्रेरणा का विशेष वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने महान स्वतंत्रता सेनानी वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय साहस, त्याग एवं मानवता के प्रति समर्पण को नमन किया। डॉ. रावत ने कहा कि पेशावर कांड दिवस केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि हमारे गौरवशाली इतिहास, संस्कार, साहस और मानवीय मूल्यों की जीवंत मिसाल है।
उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल 1930 को वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली द्वारा लिया गया “गढ़वाली, सीज फायर” का निर्णय विश्व इतिहास में अद्वितीय उदाहरण है, जिसने यह सिद्ध किया कि सच्चा वीर वही होता है जो अन्याय के विरुद्ध खड़ा होकर मानवता का साथ देता है।
उन्होंने कहा कि युवा वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और सत्य, न्याय और राष्ट्रहित के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता के माध्यम से गांव-गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, जिससे समावेशी विकास को बढ़ावा मिले और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कमल रावत, ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, जिला पंचायत सदस्य अंजलि जोशी आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

