home page

पशुपालन और मत्स्य पालन से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था: चौधरी

 | 
पशुपालन और मत्स्य पालन से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था: चौधरी


नैनीताल, 24 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग तथा खादी ग्रामोद्योग मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि पशुपालन और मत्स्य पालन राज्य की आर्थिकी को मजबूत करने वाले ‘गेम चेंजर’ क्षेत्र साबित हो सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को दुग्ध उत्पादन, विपणन, मत्स्य पालन तथा ग्रामीण आजीविका से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। राज्य अतिथि गृह नैनीताल में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गयी।

बैठक में मंत्री ने पशुपालन विभाग को पशु नस्ल सुधार और बकरी पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए तथा खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के विस्तार, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सिंगल विंडो यानी एकल खिड़की प्रणाली को और प्रभावी बनाने को कहा। मनरेगा की समीक्षा के दौरान उन्होंने एक जुलाई से कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सभी अवशेष भुगतानों का निस्तारण करने तथा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों के स्थलों पर योजना संबंधी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराने और किसी भी जरूरतमंद को योजना से वंचित न रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने पलायन रोकने के लिए कृषि भूमि संरक्षण हेतु घेरबाड़ योजना संचालित करने, महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन सुधारने तथा ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में उन्होंने छूटी हुई सड़कों के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, राज्य मंत्री स्तर के दायित्वधारी दिनेश आर्य व शांति मेहरा, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, एपीडी चंद्रा फर्त्याल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी