home page

पदोन्नति और 10, 16 व 26 वर्ष की सेवा पर एसीपी की मांग को लेकर 27 नवंबर की रैली में बड़ी संख्या में भाग लेंगे नैनीताल के कर्मचारी

 | 

नैनीताल, 22 नवंबर (हि.स.)। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय आह्वान पर आगामी 27 नवंबर को प्रस्तावित विशाल रैली को सफल बनाने के लिए रविवार को परिषद की जिला शाखा नैनीताल ने वर्चुअल बैठक आयोजित की गयी। बैठक में रैली की तैयारियों, कर्मचारियों की भागीदारी और जनपद से अधिक से अधिक संख्या में कर्मचारियों को रैली में पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

परिषद के जिलाध्यक्ष असलम अली ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों को लंबे समय से पदोन्नति वेतनमान का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कर्मचारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन पदोन्नति वेतनमान नहीं मिलने से उनमें असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को नैनीताल जनपद से बड़ी संख्या में कर्मचारी रैली में भाग लेकर अपनी मांगें उठायेंगे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिषद के प्रांतीय संरक्षक बहादुर सिंह बिष्ट ने कहा कि समय पर एसीपी का लाभ नहीं मिलने से कर्मचारियों में निराशा है। सरकार को कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका शीघ्र समाधान करना चाहिए। मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी गई।

प्रांतीय उपाध्यक्ष गिरजेश कांडपाल ने कहा कि पदोन्नति वेतनमान और 10, 16 तथा 26 वर्ष की सेवा पर एसीपी के लाभ की मांग को लेकर कर्मचारी निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर रैली में भाग लेने का आह्वान किया।

बैठक में मंडलीय महामंत्री शशि वर्धन अधिकारी, महामंत्री उमेश सनवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इसरार बेग, कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर संघ के अध्यक्ष एवं परिषद कोषाध्यक्ष दीपक बिष्ट, डीएसबी परिसर शिक्षणेत्तर संघ के अध्यक्ष एन.बी. पालीवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गणेश सिंह बिष्ट, विवेक सिंह, विवेक पाल, आनंद पांडे, हिमेश रावत और संजय भूपाल सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के अंत में रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में कल जुटेंगे 112 पूर्व विद्यार्थी

भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में सोमवार, 23 नवंबर को सुबह 11 बजे से पूर्व विद्यार्थी मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विद्यालय के 112 पूर्व विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति, व्यवसायी और अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों से जुड़े पूर्व छात्र शामिल हैं। आयोजन में केवल ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले पूर्व विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है।

विद्यालय के प्रबंधक ज्योति प्रकाश ने बताया कि समारोह का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर उनकी स्कूली यादें ताजा करना और आपसी जुड़ाव को मजबूत करना है। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में पूर्व विद्यार्थियों, विद्यालय प्रबंधन, रोटरी क्लब और लालकुआं दुग्ध संघ का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी