home page

नोटिस से न घबराएं, दस्तावेज देकर स्पष्ट करें मतदाता अपनी स्थिति

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 18 अगस्त (हि.स.)।मतदाता नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में गणना प्रपत्रों के वितरण, डिजिटाइजेशन, मतदाता सूची में संशोधन और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया गया। बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने के साथ भरे हुए प्रपत्र प्राप्त किए और उनका डिजिटाइजेशन किया। निर्धारित अवधि में गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा होने के बाद 14 जुलाई 2026 को आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया।

उन्होंने बताया कि जिले के 1008 मतदान केंद्रों पर विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं से संबंधित विसंगतियों और मैपिंग से जुड़े मामलों में बीएलओ द्वारा संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नोटिस के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा जा रहा है।

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नोटिस मिलने पर मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। संबंधित मतदाता निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। उन्होंने बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप हो तथा किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने स्तर से मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दें और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज कराने तथा आवश्यक संशोधन कराने में सहयोग करें। बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श तथा राजनीतिक दलों से राजेन्द्र सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह, जगमोहन सिंह नेगी, महादेव प्रसाद बहुगुणा सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह