home page

नैनीताल के कमजोर मोबाइल नेटवर्क वाले क्षेत्रों में 15 दिन में सुधरेगी व्यवस्था

 | 
नैनीताल के कमजोर मोबाइल नेटवर्क वाले क्षेत्रों में 15 दिन में सुधरेगी व्यवस्था


नैनीताल, 23 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल जनपद के मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने पूरे जनपद में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की कमजोर स्थिति वाले क्षेत्रों, जहां मोबाइल नेटवर्क या तो बिल्कुल नहीं पहुंचता, या बहुत कमजोर रहता है, और कॉल ड्रॉप, इंटरनेट न चलना या ओटीपी-एसएमएस समय पर न मिलना जैसी समस्याएं आती है, ऐसे क्षेत्रों का संयुक्त सर्वे कर 15 दिनों के भीतर नेटवर्क सुधारने की कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।

श्री पांडे ने गुरुवार को इस संबंध में बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, इंडस टावर्स और वोडाफोन आइडिया के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने तथा दूरसंचार संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सीडीओ ने बताया कि नेटवर्क की कमी के कारण एमएमएस मैसेज मॉनिटरिंग सिस्टम सहित विभिन्न ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग प्रणालियां प्रभावित हो रही हैं। साथ ही दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना, विकसित भारत बीजीआरएम तथा अन्य विभागीय पोर्टलों और मोबाइल एप्लीकेशनों पर कार्य करने में भी बाधाएं आ रही हैं।

नेटवर्क बाधित होने से मस्टर रोल की ऑनलाइन प्रविष्टि समेत कई विभागीय कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। बैठक में हल्द्वानी-भीमताल मार्ग और हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग पर कई स्थानों पर नेटवर्क न मिलने की समस्या पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कंपनियों को पूरे मार्ग का सर्वेक्षण कर जहां आवश्यकता हो वहां मोबाइल टावरों की क्षमता, फ्रीक्वेंसी और नेटवर्क कवरेज में तकनीकी सुधार करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नैनीताल देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कोटाबाग, पंगोट, धारी, रामनगर के ढिकुली क्षेत्र तथा ओखलकांडा विकासखंड के नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल सेवाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों से आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर जनपद के सभी शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं को प्रभावी एवं सुचारु बनाने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी