home page

नारायणबगड़ मे अतिवृष्टि के बाद मुख्य बाजार मे राहत व सफाई का कार्य जारी

 | 
नारायणबगड़ मे अतिवृष्टि के बाद मुख्य बाजार मे राहत व सफाई का कार्य जारी


नारायणबगड़ मे अतिवृष्टि के बाद मुख्य बाजार मे राहत व सफाई का कार्य जारी


चमोली, 26 जून (हि.स.)। नारायणबगड़ क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई अतिवृष्टि के कारण ग्राम देवकसल्ला से मलबा मुख्य बाजार में पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची और राहत, बचाव व सफाई कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।

बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि लगभग 1:00 बजे हुई अतिवृष्टि के चलते आए मलबे से नारायणबगड़ मुख्य बाजार का एक हिस्सा प्रभावित हुआ। त्वरित बचाव व राहत कार्यों के चलते घटना में किसी प्रकार की जनहानि व पशुहानि नहीं हुई। अतिवृष्टि के कारण मुख्य बाजार में सड़क किनारे खड़े कुछ दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों में मलबा भर गया तथा कुछ दुकानों में पानी और मलबा घुस गया। घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए राहत एवं सफाई अभियान प्रारंभ कर दिया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रभावित निजी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नुकसान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कृषि भूमि, फसलों एवं अन्य परिसंपत्तियों को हुई क्षति का सर्वेक्षण कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एसडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर राहत एवं पुनर्स्थापन कार्य में जुटी हुई हैं। जेसीबी मशीनों की सहायता से मुख्य मार्गों से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है, जिससे यातायात एवं जनजीवन को शीघ्र सामान्य किया जा सके।

अतिवृष्टि के कारण पेयजल आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हुई थी, जिसे बहाल करने के लिए संबंधित विभाग द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है। विद्युत आपूर्ति पूरी तरह सुचारु बनी हुई है। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण