home page

नरेंद्रनगर नगर पालिका में भाजपा का परचम, अध्यक्ष पद पर राजेंद्र पंवार निर्विरोध निर्वाचित

 | 
नरेंद्रनगर नगर पालिका में भाजपा का परचम, अध्यक्ष पद पर राजेंद्र पंवार निर्विरोध निर्वाचित


देहरादून, 11 जून (हि.स.)। टिहरी जिले की नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर चुनाव के परिणाम आ चुके हैं। नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं सात वार्ड सभासद पद पर भाजपा के चार और कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।

नरेंद्रनगर पालिका परिषद के सभासद के सात पदों के लिए हुए मतदान के बाद आज मतगणना शहीद भगत सिंह नेगी राजकीय इंटर कॉलेज नरेंद्र नगर में संपन्न हुई। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

सहायक रिटर्निग अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि सात वार्डों में कुल 8 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। वार्ड नंबर एक में भाजपा की समर्थित उम्मीदवार ममता देवी ने 249 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। कांग्रेस उम्मीदवार रजनी को 90 मत प्राप्त हुए, जबकि उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की कल्पना रावत को 50 मत लेकर ही संतोष करना पड़ा।

वार्ड नंबर 2 में कांग्रेस की आभा पंवार 148 मत लेकर विजयी रहीं। दूसरे नंबर पर भाजपा के प्रकाश रमोला को 137 मत मिले। वार्ड नंबर 3 में भारतीय जनता पार्टी के सचिन भंडारी 211 मत के साथ विजयी हुए। कांग्रेस समर्थित निर्दलीय अरविंद रावत को 143 मत मिले। एक नोटा का प्रयोग किया गया। वार्ड नंबर 4 में कांग्रेस के रवि नेगी 184 मत लेकर विजयी रहे, जबकि भारतीय जनता पार्टी की शैल गोसाई 159 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहीं।

वार्ड नंबर 5 में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार पुष्पा राणा 176 मत लेकर विजयी रहीं। कांग्रेस की उम्मीदवार रजनी को 59 मत से संतोष करना पड़ा। वार्ड नंबर 6 में कांग्रेस के नगर अध्यक्ष, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, पूर्व पालिका सदस्य सूरत सिंह आर्य की बहू रेखा 103 मत लेकर विजयी घोषित हुईं, जबकि भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार जो कि लगातार दो बार इसी वार्ड से सभासद रह चुकी हैं, विनीता को 96 मत लेकर संतोष करना पड़ा।

वार्ड नंबर 7 से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार तथा पार्टी के मंडल अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण 169 मत लेकर लगातार दूसरी बार सभासद बने। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार तथा व्यापार मंडल नरेंद्र नगर के अध्यक्ष जितेंद्र चांदपुरी को हराया। चांदपुरी को 56 मत मिले। पालिका के चुनाव में भाजपा एवं कांग्रेस को कोई नफा-नुकसान नहीं हुआ क्योंकि गत बोर्ड में भी भाजपा के चार एवं कांग्रेस के तीन सभासद ही थे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल