home page

नगर निगम हरिद्वार की बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव पास

 | 
नगर निगम हरिद्वार की बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव पास


हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम हरिद्वार की बोर्ड बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था, पशुपालन और पालतू जानवरों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इन फैसलों का उद्देश्य शहर को अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना बताया गया है।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र से कच्चे मांस की दुकानों को शहर के बाहर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके लिए सराय क्षेत्र में 56 नई दुकानों का निर्माण किया गया है, जहां इन दुकानों को शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि, नॉनवेज होटलों को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और इस विषय पर आगे विचार किया जाएगा।

इस दौरान निर्दलीय पार्षद अहसान अंसारी ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इस मामले में व्यापारियों और स्थानीय लोगों की राय भी ली जानी चाहिए।

बैठक में पशुपालन को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। अब नगर निगम क्षेत्र में 5 से अधिक दुधारू पशु रखने वाले पशुपालकों को अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। नगर निगम का मानना है कि इससे शहर में पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों को नियंत्रित और व्यवस्थित किया जा सकेगा।

नगर निगम ने पालतू कुत्तों के लिए भी पंजीकरण अनिवार्य करने का निर्णय लिया है। साथ ही प्रतिबंधित नस्ल के कुत्ते पालने पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान भी रखा गया है। नगर निगम के अनुसार इन सभी फैसलों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और पशुपालन व पालतू जानवरों से जुड़ी गतिविधियां अधिक व्यवस्थित होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला