दुर्घटना संभावित स्थलों को करे चिन्हित:डीएम
पौड़ी गढ़वाल, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए चालान अभियान को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया।जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि आमजन को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) का प्रशिक्षण बड़े स्तर पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने विशेष रूप से मौके पर तैनात रहने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से देने को कहा। टेफिक पार्क के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि इसे गांधी पार्क में विकसित किया जाएगा, जिससे विशेषकर बच्चों एवं युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चालान की कार्यवाही को सुदृढ़ करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की फोटो लेकर त्वरित चालान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत (पॉटहोल फिलिंग) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। छोटे गड्ढों को समय रहते भरने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
साथ ही आरटीओ को अन्य संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर अनुपयुक्त एवं जोखिमपूर्ण मोटर मार्गों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, आरटीओ विमल पाण्डे, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, एआरटीओ मंगल सिंह, उप निरीक्षक प्रवीण रावत आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

