home page

दहेज में कार और दो लाख रुपये की मांग, विवाहिता का गला दबाने का आरोप

 | 

हरिद्वार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। प्रेम विवाह के बाद दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। अकबरपुर ऊद निवासी विवाहिता गुंजन ने अपने पति, सास और ससुर पर कार, दो लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण की मांग करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुंजन ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि करीब दो साल से उसका अकोड़ा औरंगजेबपुर निवासी निखिल से प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि निखिल शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में परिजनों और क्षेत्र के मौजिज लोगों की मौजूदगी में 30 जुलाई को मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया। विवाह का पंजीकरण भी कराया गया।

ससुराल पहुंचते ही शुरू हुई दहेज की मांग

पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद पति निखिल, ससुर लेखराज और सास आरती उस पर मायके से कार, दो लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी और चेन लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।

गर्भपात कराने का भी आरोप

गुंजन ने शिकायत में विवाह से पहले गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। उसके मुताबिक 31 जुलाई को पति और ससुराल वाले उसे लक्सर-मेरठ मार्ग स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां कथित तौर पर गर्भपात की दवा दी गई।

गला दबाने के बाद मायके के पास छोड़ा

पीड़िता के अनुसार 22 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे पति, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके बाद उसे मायके के पास छोड़कर चले गए। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने परिजनों से कहा कि कार, दो लाख रुपये और सोने के आभूषण मिलने के बाद ही उसे वापस घर में रखा जाएगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पीड़िता की ओर से एसएसपी को दी गई शिकायत के आधार पर लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला