थलीसैंण में हिमालय क्रांति पार्टी के बालम सिंह बने ब्लाक अध्यक्ष
पौड़ी गढ़वाल, 02 नवंबर (हि.स.)।हिमालय क्रांति पार्टी की बैठक में कार्यकर्ताओं को पार्टी के गठन की आवश्यकता, पार्टी के विजन और मिशन-2027 के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान बालम सिंह नेगी को थलीसैंण ब्लॉक का अध्यक्ष घोषित किया गया।
थलीसैंण में आयोजित बैठक में प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश बिष्ट ने बालम सिंह को जल्द ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार करने के निर्देश दिए और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में थलीसैंण ब्लॉक, श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी की विजय का मील का पत्थर साबित होगा।
वरिष्ठ नागरिक राजे सिंह नेगी ने कहा कि नई पार्टी के विजन और उद्देश्यों से स्पष्ट है कि यह पार्टी अन्य सभी पार्टियों के मुकाबले राज्य हित में कार्य करेगी। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि बिना परिणाम की चिंता किए हिमालय क्रांति पार्टी को समर्थन दें तथा पार्टी के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना आशीर्वाद दिया।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष बालम सिंह नेगी ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वे निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अर्जुन सिंह रावत ने अपने गांव बचाओ अभियान एवं चकबंदी के बारे में जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

