home page

तहसील दिवस में फिर खुली व्यवस्थाओं की पोल, 20 शिकायतों में सड़क-पानी से लेकर वन्यजीवों का मुद्दा

 | 
तहसील दिवस में फिर खुली व्यवस्थाओं की पोल, 20 शिकायतों में सड़क-पानी से लेकर वन्यजीवों का मुद्दा


पौड़ी गढ़वाल, 15 सितंबर (हि.स.)। जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित तहसील दिवस में एक बार फिर सरकारी व्यवस्थाओं की खामियां सामने आईं। तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने सड़क, जल निकासी, बिजली, विद्यालय, आवारा पशुओं और जंगली जानवरों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। कुल 20 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश के मौके पर निस्तारण का दावा किया गया।

अपर चोपड़ा मिशन कॉलोनी में घर के नीचे पानी घुसने से शौचालय प्रभावित होने की शिकायत ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। च्वींचा मोटर मार्ग पर गड्ढों और बदहाल नालियों की समस्या भी लोगों ने उठाई। सड़क किनारे झाड़ियों के कारण बनी समस्या को लेकर भी लोनिवि से फोटो सहित आख्या मांगी गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली सूअरों के आतंक और आवारा पशुओं-कुत्तों की समस्या से लोग परेशान हैं। वहीं केसुंदर गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी और पुश्ते के सुधारीकरण का मामला भी सामने आया। बमटी गांव में बारिश के बाद मकान में आई दरार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े किए।

शिकायतों के सामने आने के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों से फोटो सहित रिपोर्ट और कार्रवाई की जानकारी भी मांगी गई। तहसील दिवस में सामने आई शिकायतों से साफ है कि सड़क, जल निकासी, वन्यजीव और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई मामले अभी भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह