home page

डीएम ने डुमक सड़क निर्माण मे भूमि हस्तान्तरण की प्रक्रिया मे तेजी लाने के दिए निर्देश

 | 
डीएम ने डुमक सड़क निर्माण मे भूमि हस्तान्तरण की प्रक्रिया मे तेजी लाने के दिए निर्देश


गोपेश्वर, 28 नवंबर (हि.स.)। चमोली जिले के दूरस्थ गांव डुमक सड़क निर्माण को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वन विभाग, राजस्व विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में अनावश्यक देरी न हो, ताकि ग्रामीणों को जल्द यातायात की सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शनिवार को जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में चयनित भूमि पर भूस्खलन होने के कारण सड़क के समरेखण में बदलाव किया गया है। नए समरेखण के तहत वन पंचायत और संरक्षित वन क्षेत्र की भूमि के हस्तांतरण के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई और वन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही अपर जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की नियमित निगरानी करने और राजस्व, वन विभाग तथा पीएमजीएसवाई के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, डीएफओ केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग रजत सुमन, पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता अंकित बिष्ट, सैंजी लग्गा बेमरु मोटर मार्ग संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, राजवीर सिंह नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता प्रमोद गंगाड़ी, अधिशासी अभियंता मनमोहन बिजल्वाण और उप राजस्व निरीक्षक चंद्रा बुटोला वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण