डीएम ने कालाढूंगी में पुस्तक विक्रेताओं व विद्यालयों का किया निरीक्षण
नैनीताल, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी बिपिन चंद्र पंत के नेतृत्व में कालाढूंगी क्षेत्र में राजस्व, पुलिस एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने पुस्तक विक्रेताओं एवं विद्यालयों का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई एनसीईआरटी के अतिरिक्त पुस्तकों की बिक्री तथा निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूले जाने की शिकायतों के आधार पर की गई।
निरीक्षण के दौरान अजंता बुक डिपो पर एनसीईआरटी की पुस्तकें पाई गईं, जबकि भंडारी बुक डिपो एवं आनंद बुक डिपो में विद्यालयों के मोनोग्राम युक्त ड्रेस उपलब्ध मिली। सुमसन क्लॉथ हाउस में पांच निजी विद्यालयों के मोनोग्राम वाली ड्रेस बिना किसी वैध अभिलेख के बिकती पाई गई तथा ड्रेस पर मूल्य अंकित नहीं था। इसके अतिरिक्त कालाढूंगी बंदोबस्ती स्थित कैमरेड्री पब्लिक स्कूल के निरीक्षण में केवल एनसीईआरटी की पुस्तकें ही पाई गईं। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा शिकायत मिलने पर संबंधित बुक सेलर एवं विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी अरुण कुमार सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

