home page

डांग गांव का मतदान केंद्र बदलने पर ग्रामीणों ने जताई कड़ी आपत्ति

 | 

नई टिहरी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। थौलधार ब्लॉक के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले ग्राम पंचायत डांग (जुवा) में मतदान केंद्र को बदलने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। कहा कि प्रशासन ने वर्षाें से संचालित मतदान केंद्र को बदल अब जबरन 2 किमी दूर कर दिया है। मतदान के दिन ग्रामीणों को यहां तक पहुंचने में कठिनाइयां उठानी पड़ेगी।

उन्होंने बनाए गए केंद्र को यथावत रखने की मांग की। अन्यथा उन्होंने आगामी मतदान में हिस्सा न लेने की चेतावनी दी। डांग की ग्राम प्रधान पदमा देवी, पूर्व प्रधान प्रमोद रमोला, शकुंतला देवी, मधु देवी, सुषमा देवी, ललित चंद, पवन कुमार, विकास चंद ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि वर्षाे से उनका मतदान केंद्र डांग में ही था। अब प्रशासन ने दो किमी खड़ी चढाई पर स्थित कुनेर को उनका मतदान केंद्र बनाया गया हैं।

बताया कि वर्ष 2025-26 के पंचायत चुनाव पूर्व निर्धारित मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए थे। वहां बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, केंद्र गांव की सड़क से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। लेकिन केंद्र बदलने से ग्राम पंचायत के अधिकांश मतदाता 60 से 80 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्ग एवं वरिष्ठ नागरिकों को मतदान केंद्र तक दो किमी की कठिन चढ़ाई पार करनी पड़ेगी।जबकि सड़क मार्ग की दूरी करीब पांच किलोमीटर है। इससे बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान करने में दिक्कत हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी