home page

टीएचडीसी में धूमधाम से मनाई विजयादशमी, रावण-कुंभकर्ण के पुतले जलाए

 | 
टीएचडीसी में धूमधाम से मनाई विजयादशमी, रावण-कुंभकर्ण के पुतले जलाए


नई टिहरी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के टिहरी कॉम्प्लेक्स में टिहरी बांध दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित हरियाली एवं दुर्गा पूजा नवरात्रि महोत्सव के तहत विजयदशमी पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। समापन पर विशाल भंडारे, रामलीला मंचन हुआ। रावण, मेघनाद व कुंभकरण के पुतले दहन आकर्षण का केंद्र रहे।

मंगलवार शाम को टीएचडीसी के मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आरआर सेमवाल, महाप्रबंधक एसके साहू, एपी बाजपेई, उप महाप्रबंधक मोहन सिंह श्रीस्वाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम शुरू कराया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल का सीजीएम सेमवाल ने शॉल भेंट कर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने विजयदशमी को बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक बताया।

कहा कि यह पर्व भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने तथा सत्य, धर्म, नैतिकता और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने दुर्गा पूजा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समिति विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, स्थानीय बच्चों और टीएचडीसी कर्मचारियों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रही है।

उत्सव ग्रुप के कलाकारों ने आकर्षक रामलीला का मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला समापन के बाद रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। जिलाधिकारी ने भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे कलाकार के साथ रावण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया।

सीजीएम सेमवाल ने कुंभकर्ण के पुतले का दहन किया। कार्यक्रम में टीएचडीसी के अधिकारी-कर्मचारी, सीआईएसएफ के जवान और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी