home page

जीबीपीआईईटी के 11 विद्यार्थियों को मिला कैंपस प्लेसमेंट

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 28 नवंबर (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी के 11 विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में सफलता हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है। दो प्रतिष्ठित कंपनियों ने संस्थान के विद्यार्थियों का चयन किया है। इसमें 10 विद्यार्थियों को पांच लाख रुपये सालाना और एक विद्यार्थी को छह लाख रुपये सालाना का पैकेज मिला है।

संस्थान के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग के अनुसार, बेसेंट टेक्नोलॉजीज के माध्यम से 10 विद्यार्थियों का पांच लाख रुपये प्रतिवर्ष के पैकेज पर चयन हुआ है। इनमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग से अतुल सिंह रावत, दीपक त्यागी, विवेक राजपूत और अदीब अरफी शामिल हैं। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (एआई एंड एमएल) से दीपक पंवार और विशाल सिंह रावत, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग से अनुराग गुप्ता और प्रियंका नेगी तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से रागिनी बिष्ट और कुमारी तनुजा का चयन हुआ है।

वहीं, एक्सेलआर एडटेक प्राइवेट लिमिटेड में माही का छह लाख रुपये सालाना के पैकेज पर चयन हुआ है। संस्थान के निदेशक डॉ. वीके बंगा ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं कौशल को निरंतर विकसित करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग के डीन डॉ. केएस भाटिया ने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने और उन्हें बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए संबंधित विभागों, संकाय सदस्यों एवं प्लेसमेंट टीम के योगदान की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह