जिला मुख्यालय में यूकेडी ने गढ़वाल संवाद यात्रा निकाली
पौड़ी गढ़वाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की गढ़वाल संवाद यात्रा शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंची। युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालते हुए बस अड्डे स्थित जयानंद भारतीय पार्क में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान आशीष नेगी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी मूल भावना से भटक गया है और वर्षों से जल, जंगल, जमीन जैसे बुनियादी मुद्दों की अनदेखी होती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से परेशान है, जबकि कानून व्यवस्था भी चिंताजनक बनी हुई है।
उन्होंने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग दोहराते हुए इसे राज्य के संतुलित विकास के लिए जरूरी बताया। साथ ही आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर जनता से संवाद करते हुए उन्होंने क्षेत्रीय दल यूकेडी को समर्थन देने की अपील की। कार्यक्रम में केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत और आशुतोष नेगी ने भी उत्तराखंड के तमाम मुद्दों पर बात रखी।
इस मौके पर यूकेडी के केंद्रीय कार्यालय प्रभारी देवचंद उत्तराखंडी, केंद्रीय संगठन मंत्री जवाहर भट्ट, केंद्रीय सलाहकारी समिति सदस्य सुरेश जुयाल, केंद्रीय महामंत्री महिला प्रकोष्ठ नीरजा कुकसाल, अर्जुन नेगी, गौरव चंदोला, आयुष रावत, अजय चंदोला आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

