home page

जनसुनवाई में 51 शिकायतें, 26 का मौके पर निस्तारण

 | 
जनसुनवाई में 51 शिकायतें, 26 का मौके पर निस्तारण


हरिद्वार, 07 सितंबर (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 51 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित कई मामलों को लेकर फरियादी पहुंचे।

ग्राम औरंगाबाद के ग्रामीणों ने अत्यधिक बारिश से किसानों की भूमि, ग्राम समाज की जमीन और पक्के श्मशान घाट में हुए कटाव को रोकने के लिए पिचिंग कराने की मांग रखी।

देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने शहीद स्मारक एवं मिलन केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

रमेश चंद्र चौहान ने आन्नेकी हेतमपुर क्षेत्र में सेक्टर रोड और चकरोड पर अतिक्रमण का मामला उठाया। रसूलपुर-मीठीबेरी और लालढांग के ग्रामीणों ने झूला पुल, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुचारु विद्युत आपूर्ति और पेयजल की समस्याएं उठाईं।

अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 436 और एल-2 स्तर पर 112 शिकायतें लंबित हैं।

जनसुनवाई में सीएमओ डॉ. आरके सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला