home page

जंतर-मंतर सत्याग्रह के समर्थन में आया मातृसदन,

 | 
जंतर-मंतर सत्याग्रह के समर्थन में आया मातृसदन,


हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। मातृसदन में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्वामी शिवानंद ने जंतर-मंतर पर चल रहे सत्याग्रह के समर्थन में अपनी बात रखते हुए सत्याग्रहियों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की घटना को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया।

स्वामी शिवानंद ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण सत्याग्रह कर रहे लोगों के बीच पुलिस का प्रवेश कर उन्हें हटाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उनका कहना था कि इस प्रकार की कार्रवाई से शांतिपूर्ण आंदोलनों पर दबाव बनाने की प्रवृत्ति सामने आती है।

उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम मातृसदन के उन पुराने प्रसंगों की याद दिलाता है, जब वर्ष 2011 में स्वामी निगमानंद व वर्ष 2018 में प्रोफेसर जीडी अग्रवाल उर्फ स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद के सत्याग्रह के दौरान भी स्वास्थ्य परीक्षण के नाम पर उन्हें आश्रम से अस्पताल ले जाया गया था। उन्होंने इन मामलों की जांच और परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठाए।

स्वामी शिवानंद ने आशंका व्यक्त की कि यदि शांतिपूर्ण आंदोलनों के प्रति इसी प्रकार का रवैया जारी रहा तो भविष्य में भी सत्याग्रहियों के साथ कठोर व्यवहार की संभावना बनी रह सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को पुलिस बल के माध्यम से दबाने के बजाय संवाद के माध्यम से समाधान खोजा जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला