छात्रों को सिखाए एफपीजीए और एसएसडी प्रोग्रामिंग के गुर
हरिद्वार, 01 सितंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन विभाग में सेमीकंडक्टर चिप डिजाइनिंग विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता एवं विशेषज्ञ पाईन प्रशिक्षण संस्थान, गाजियाबाद के वैभव मिश्रा ने विद्यार्थियों को एफपीजीए और एसएसडी प्रोग्रामिंग के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया कि सेमीकंडक्टर आधारित तकनीक आने वाले समय में रोजगार और औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यशाला की सफलता और विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा एवं कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने आयोजनकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
विभागाध्यक्ष प्रो. विपुल शर्मा ने कहा कि सेमीकंडक्टर आज क़ेआधुनिक जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण तकनीक बन चुका है। नए वाहनों सहित विभिन्न आधुनिक उपकरणों में इसका उपयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए इस तकनीक की जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण बेहद जरूरी है।
डीन प्रो. मयंक अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक और रोजगारपरक ज्ञान प्रदान करती हैं। कार्यक्रम में डॉ. अतुल वार्ष्णेय, डॉ. अनुज शर्मा, डॉ. संजय सिंह सहित संकाय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रतीक अग्रवाल ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

