छात्र-छात्राओं के लिए मनाया गया प्रोत्साहन सप्ताह
हरिद्वार, 24 मार्च (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कॉरपोरेट अफेयर्स एंड आउटरीच सेल द्वारा कन्या गुरुकुल परिसर में एमएससी (रसायन विभाग) तथा मुख्य परिसर में एमएससी (गणित एवं रसायन) और एमसीए के छात्र-छात्राओं के लिए करियर एवं रोजगार पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. राजुल भारद्वाज ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की आधुनिक तकनीकों, उनके प्रोजेक्ट्स और रोजगार के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एआई और नई तकनीकों की समझ से छात्र-छात्राएं अपने ज्ञान को नए आयामों तक ले जा सकते हैं और भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि कॉरपोरेट अफेयर्स एंड आउटरीच सेल छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। सेल के माध्यम से कई प्रतिष्ठित कंपनियां विद्यार्थियों का चयन कर रही हैं। डॉ. भारद्वाज ने अंतिम सेमेस्टर में होने वाले इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स के लिए छात्रों को अपने शिक्षकों से मार्गदर्शन लेने की सलाह दी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक अपने करियर और रोजगार से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने जानकारी दी कि 11 से 30 अप्रैल तक 13 प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर कन्या गुरुकुल परिसर में एमएससी (रसायन) विभागाध्यक्ष डॉ. अंजलि गोयल, डॉ. आभा शुक्ला तथा मुख्य परिसर में एमएससी (गणित) विभाग से डॉ. अजेन्द्र, एमएससी (रसायन) विभाग से डॉ. ऋषि कुमार शुक्ला, एमसीए विभाग से डॉ. श्वेतांक आर्य, डॉ. कृष्ण कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. राजुल भारद्वाज के साथ कमल कुमार एवं मनोज शर्मा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

