home page

चौबट्टाखाल में शिविर, 102 दिव्यांगऔर वरिष्ठ नागरिक सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चौबट्टाखाल में विशेष शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित शिविर में 102 लाभार्थियों का पंजीकरण और चिन्हीकरण किया गया। इनमें 13 दिव्यांगजन और 89 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।

शिविर में दिव्यांगजनों को एडिप योजना और वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया। लाभार्थियों की जरूरतों के अनुसार आगामी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पात्रता के आधार पर उपकरण दिए जाएंगे।

मौके पर बने दिव्यांग प्रमाणपत्र, यूडीआईडी की प्रक्रिया भी पूरी

शिविर में सहायक उपकरणों के लिए चिन्हीकरण के साथ ही दस्तावेज संबंधी कार्य भी किए गए। इस दौरान तीन दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए गए, जबकि 15 यूडीआईडी कार्ड से संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई। इससे लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने, सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित करने और जरूरी दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय गुसाईं, ज्येष्ठ प्रमुख पोखड़ा प्रदीप रावत, एसडीएम रेखा आर्य, बीडीओ एकेश्वर सौरभ हांडा, बीडीओ पोखड़ा सूर्यप्रकाश शाह, एडीओ समाज कल्याण पोखड़ा नवीन रावत, एकेश्वर के अमरीश सैनी, अभिषेक पोखरियाल, अरविंद गुसाईं सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह