home page

चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने की दिलाई शपथ

 | 

नई टिहरी, 04 नवंबर (हि.स.)। सीडीओ व नोडल अधिकारी स्वीप वरुणा अग्रवाल ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए जागरुकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल में मतदाता जागरुकता और निर्वाचन शपथ कार्यक्रम कराया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने और मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई। स्वीप संयोजक डॉ. मुकेश नैथानी ने कहा कि महाविद्यालय में आगे भी मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

बताया कि जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत राजकीय महाविद्यालय पावकी देवी में मेंहदी प्रतियोगिता, नई टिहरी में मतदाता शपथ, देवप्रयाग में शपथ व विभिन्न प्रतियोगिताएं, पोखरी में शपथ कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को जागरूक किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी