चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में सीवरेज कार्य पूरा करने के निर्देश
डीएम ने श्रमिक बढ़ाने और तीन शिफ्ट में काम करने के दिए निर्देश
हरिद्वार, 01 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार नगर क्षेत्र में सीवरेज निर्माण कार्यों को चारधाम यात्रा से पहले हर हाल में पूरा करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए हैं। इसके लिए उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और कार्य को तीन शिफ्टों में कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को दिए हैं।
राज्य अतिथि गृह हरिद्वार में बुधवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने उत्तराखंड पेयजल निगम (गंगा डिविजन) द्वारा किए जा रहे सीवरेज निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए। इसके लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और कार्य को तीन शिफ्टों में कराया जाए। उन्होंने कहा कि जो कार्य रात्रि में किए जा सकते हैं उन्हें रात में किया जाए और जो कार्य दिन में संभव हैं उन्हें दिन में प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
बैठक में उन्होंने विशेष रूप से अपर रोड पर चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों को एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को हैंडओवर करने के निर्देश दिए, ताकि विभाग द्वारा आगे के आवश्यक कार्य प्राथमिकता से कराए जा सकें।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण क्षेत्रीय जनता,व्यापारिक प्रतिष्ठानों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसका विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य त्वरित गति से पूरा किया जाए।
बैठक में जीएम गंगा डिविजन उत्तराखंड पेयजल निगम आर.के.जैन,सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान,परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल,अधिशासी अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान हरीश बंसल,कॉन्ट्रैक्टर रजत शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

