home page

चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए गंगोत्री-केदारनाथ के बीच वैकल्पिक मोटर मार्ग का प्रस्ताव

 | 
चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए गंगोत्री-केदारनाथ के बीच वैकल्पिक मोटर मार्ग का प्रस्ताव


देहरादून, 26 अप्रैल (हि.स.)। ब्रिडकुल के पूर्व महाप्रबंधक आरपी उनियाल ने चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए गंगोत्री से केदारनाथ के मध्य भटवाड़ी–बुढाकेदार–घुत्तू–पनवाली-त्रियुगीनारायण पैदल मार्ग को मोटर मार्ग में परिवर्तित करने का प्रस्ताव रखा है। इससे केदारनाथ की दूरी लगभग 70 किलोमीटर कम हो जाएगी।

आरपी उनियाल ने परेड ग्राउंड स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों काे बताया कि यह विषय उत्तराखंड सरकार से लेकर भारत सरकार तक अनेक बार उठाया गया, किंतु आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 में उत्तराखंड सरकार द्वारा इस मार्ग का सर्वेक्षण भी कराया गया था, परंतु उसके बाद की आवश्यक कार्यवाही अब तक लंबित है।

वर्ष 2022 में सीमा सड़क संगठन द्वारा भी इस विषय पर सकारात्मक पहल की गई थी। उत्तराखंड राज्य की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, सीमांत क्षेत्रों की सामरिक महत्ता, आपदा प्रबंधन की आवश्यकता व क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए बीआरओ द्वारा कुछ महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं का प्रारंभिक प्रस्ताव राज्यपाल, उत्तराखंड को अनुमोदनार्थ प्रस्तुत किया गया था।

राज्यपाल की संस्तुति के बाद उक्त प्रस्ताव राज्य शासन को समीक्षा एवं अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया, किंतु आज तक इस पर अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि उनके इस प्रस्ताव में जो प्रमुख परियोजनाएँ सम्मिलित रही हैं उनमें घनसाली से घुत्तू (भिलंगना क्षेत्र, जनपद टिहरी गढ़वाल) के मध्य लगभग 31 किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण।

इसके साथ ही घुत्तू से गुप्तकाशी (जनपद रुद्रप्रयाग) के मध्य लगभग 12 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण। उनका कहना है कि यदि इन परियोजनाओं को मूर्त रूप दिया जाता है, तो यह गंगोत्री से केदारनाथ के मध्य एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग सिद्ध होगा, जिससे वर्तमान मार्ग की तुलना में केदारनाथ की दूरी लगभग 70 किलोमीटर तथा देहरादून–ऋषिकेश से केदारनाथ की दूरी लगभग 30 किलोमीटर कम हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त यह मार्ग क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ करेगा, आपदा के समय सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराएगा, सीमांत क्षेत्रों में त्वरित सैन्य एवं प्रशासनिक आवागमन सुनिश्चित करेगा तथा स्थानीय जनता के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति देगा। साथ ही चारधाम यात्रा की सुगमता बढ़ेगी और पर्यटन गतिविधियों को भी व्यापक प्रोत्साहन मिलेगा।

इस लिए जनहित, राष्ट्रहित एवं उत्तराखंड के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए राज्य एवं केंद्र सरकार को इस महत्वपूर्ण परियोजना पर शीघ्र सकारात्मक विचार करना चाहिए। टिहरी निवासी इंजीनियर ब्रिडकुल के पूर्व महाप्रबंधक उनियाल ने कहा किइस संबंध में मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराते हुए आवश्यक विचार एवं कार्यवाही हेतु अनुरोध किया गया है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल