home page

चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार


हरिद्वार, 12 अप्रैल (हि.स.)। जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली रुड़की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 69.50 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।

ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2026 के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सघन चेकिंग और निगरानी कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में कोतवाली रुड़की क्षेत्र में विशेष टीमों का गठन किया गया है।

उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र जखमोला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 69.50 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेंद्र पुत्र अमर सिंह, निवासी डंडेरी ख्वाजगीपुर, रुड़की के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर उसका चालान कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला