चम्पावत में बाल विज्ञान महोत्सव, मॉडल और विज्ञान नाटक में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा
चंपावत, 07 अक्टूबर (हि.स.) अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत में मंगलवार को पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का जनपद स्तरीय आयोजन हुआ। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में जिलेभर के विद्यालयों से पहुंचे बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान, पर्यावरण और आधुनिक तकनीक से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महोत्सव का मुख्य विषय जलवायु परिवर्तन अनुकूल रणनीतियां, आपदा जोखिम प्रबंधन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा और स्वच्छता रहा। विज्ञान मॉडल, प्रश्नोत्तरी, विज्ञान नाटक तथा हिंदी, स्थानीय और अंग्रेजी भाषा में कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक सोच विकसित करने और लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने जिले में निर्माणाधीन साइंस सिटी को विज्ञान के लोकप्रियकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
विज्ञान मॉडल सीनियर वर्ग में ओपीएस लोहाघाट के यथार्थ बगौली प्रथम, राइंका लोहाघाट के सचिन कुमार द्वितीय और राइंका मंच की ईशा बोहरा तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में राइंका गरसाड़ी के पियूष सिंह फर्त्याल प्रथम, यूसीएसएस चम्पावत के निखिल भट्ट द्वितीय और राइंका चम्पावत की पारूल कुमारी तृतीय रहीं।
विज्ञान प्रश्नोत्तरी के सीनियर वर्ग में यूसीएसएस चम्पावत की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में राइंका भिंगराड़ा की टीम विजेता रही। विज्ञान नाटक के सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में यूसीएसएस चम्पावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कविता पाठ की विभिन्न श्रेणियों में भी विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
इस अवसर पर स्थल संयोजक एवं प्रधानाचार्य उम्मेद सिंह बिष्ट, जिला समन्वयक नवीन पंत, जिला विज्ञान समन्वयक नरेश जोशी समेत शिक्षक, विज्ञान समन्वयक और बाल वैज्ञानिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

