home page

घुड़दौड़ी के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर की उपलब्धि हासिल

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 14 मई (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यहां के छात्र-छात्राओं ने जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद द्वारा घोषित ई-युवा फेलोशिप की तीसरी राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया में स्थान प्राप्त किया है।

संस्थान के निदेशक डा.वीके बंगा ने बताया कि छात्रों के इनडोर वायु शुद्धिकरण के लिए पिरूल आधारित बायोचार एयर फ़िल्टर का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। इसके तहत हर चयनित छात्र को पच्चीस सौ प्रतिमाह फेलोशिप और परियोजना के लिए ढाई लाख वार्षिक अनुदान प्रदान किया जाएगा, जिससे छात्र अपने नवाचार को उद्यमिता एवं उत्पाद विकास की दिशा में आगे बढ़ा सकेंगे।

बताया कि चयनित टीम में जैव प्रौद्योगिकी विभाग से वंश शर्मा, राशि यादव, रमनीत कौर, सृष्टि जोशी, सिविल इंजीनियरिंग विभाग से पारुष सिन्हा शामिल हैं। बताया कि इस परियोजना का मार्गदर्शन जैव प्रौद्योगिकी विभाग की प्रोफेसर एवं डीन डा. ममता बौंठियाल द्वारा किया जा रहा है। कहा कि यह सफलता संस्थान में नवाचार, अनुसंधान एवं उद्यमिता की सशक्त संस्कृति को प्रदर्शित करती है।

स्थानीय संसाधनों पर आधारित इस प्रकार के नवाचार आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को भविष्य में भी शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने हेतु प्रेरित किया।

जैव प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष डा. अरुण भट्ट, सहायक आचार्य डा. सुरेश चंद्र फुलारा ने कहा कि विभाग के छात्र-छात्राएं लगातार नवाचार एवं शोध गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो विभाग एवं संस्थान के लिए गर्व का विषय है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह