ग्रामीणों ने जंगली जानवरों, मोबाइल नेटवर्क की समस्याएं बताई
पौड़ी गढ़वाल, 23 अप्रैल (हि.स.)। आदर्श ग्राम पंचायत धनाऊ मल्ला के मिनी सचिवालय परिसर में चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं उठाई।
चौपाल में नोडल अधिकारी एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या प्रमुखता से उठाई। कहा कि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसल नुकसान और अंबेडकर बस्ती, चौकलिया को मुख्य सड़क से जोड़ने की मांग सहित विभिन्न समस्याएं रखी गईं।
ग्राम प्रधान कमल रावत ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना पंचायत की प्राथमिकता है। इस मौके पर पंचायत सचिव दिनेश राज, ग्राम विकास अधिकारी विपुल नेगी, कृषि विभाग से अखिलेश जुयाल, राजस्व उपनिरीक्षक दीपक बेलवाल आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

