home page

ग्राम सभा की भूमि पर राजनीति बर्दाश्त नहीं :चंदोला

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 18 अप्रैल (हि.स.)। शहर में ग्राम सभा की दान की गई भूमि पर संघ भवन निर्माण की चर्चाएं सामने आने पर पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति ने कड़ा विरोध जताया है। समिति के संयोजक नमन चंदोला ने कहा है कि ग्राम सभा की दान की गई भूमि का उपयोग केवल लोक कल्याणकारी कार्यों के लिए होना चाहिए, न कि किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधियों या स्वार्थपूर्ण उद्देश्यों के लिए।

कहा कि यदि कर्मचारियों के लिए संघ भवन वास्तव में आवश्यक है, तो पिछले 25 वर्षों में कर्मचारी नेताओं ने इस दिशा में कोई ठोस पहल क्यों नहीं की। यदि अब संघ भवन बनाना ही है, तो कर्मचारी संगठनों को अपने फंड से भूमि खरीदकर निर्माण करना चाहिए, न कि जनता की संपत्ति पर अधिकार जमाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने के बजाय अपनी ओछी राजनीति में लगे हुए हैं, जिन्हें अब जनता पहचान चुकी है।

पौड़ी विधायक पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि संघ भवन निर्माण इतना ही आवश्यक था, तो पिछले चार वर्षों में इस दिशा में कोई पहल क्यों नहीं की गई। उन्होंने विधायक से अपील की कि वे इस प्रकार की राजनीति से दूर रहें और दान की गई भूमि पर जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दें।

उन्होंने प्रशासन, विशेषकर सीएमओ और अन्य अधिकारियों को भी चेतावनी दी कि यदि विकास के नाम पर दान की गई भूमि का दुरुपयोग किया गया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। कर्मचारी वर्ग से अपील करते हुए चंदोला ने कहा कि वे ऐसे नेताओं को आगे लाएं जो वास्तव में उनके हितैषी हों। वर्तमान में स्वास्थ्य कार्ड, प्रमोशन, स्थानांतरण जैसी कई समस्याएं लंबित हैं, लेकिन कुछ लोग इन मुद्दों को सुलझाने के बजाय केवल अपने निजी स्वार्थ साधने में लगे हुए हैं। कहा कि समिति कर्मचारियों के लिए संघ भवन की आवश्यकता को समझती है, लेकिन यह निर्माण जनता की भावनाओं और हितों के अनुरूप होना चाहिए, न कि उनके खिलाफ।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह