home page

गुरुकुल में पोस्ट बजट वेबिनार का आयोजन

 | 
गुरुकुल में पोस्ट बजट वेबिनार का आयोजन


हरिद्वार, 09 मार्च (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय सभागार में शिक्षकों, शिक्षेतर कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं ने पोस्ट बजट वेबिनार के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को ऑनलाइन सुना। इस अवसर पर विश्वविद्यालय सभागार में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी तथा विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना इस बजट का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल और संस्कृति जैसे क्षेत्र देश के विकास तथा युवाओं के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षा को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने, नई तकनीकों के अनुरूप पाठ्यक्रम विकसित करने तथा युवाओं के लिए मजबूत शोध और प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वस्थ, कुशल और नवाचार से जुड़े युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद वेबिनार के विभिन्न विद्वान पैनलिस्ट ने पैनल डिस्कसन के माध्यम से उच्च शिक्षा की राष्ट्र विकास में भूमिका पर अपने विचार साझा किए। विभिन्न शिक्षाविदों, शैक्षणिक प्रशासकों ने उच्च शिक्षा को संभावनाओं का द्वार बताया जिसके माध्यम से ज्ञान और विज्ञान के क्षेत्र में भारत विश्व का ध्वजवाहक बनने की क्षमता रखता है। एनईपी के माध्यम से भारत अपने उच्च शिक्षा के व्यापक लक्ष्य को प्राप्त करेगा। वेबिनार को पूर्व यूजीसी अध्यक्ष प्रो. एम जगदीश कुमार, दिल्ली विवि के कुलपति प्रो. योगेश कुमार, संयुक्त सचिव महिला एवं बाल विकास राधिका झा सहित कई विद्वानों ने संबोधित किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्ताधिकारी एवं प्रबंध शिक्षाविद प्रो. वी. के. सिंह ने कहा कि पोस्ट बजट वेबिनार देश की युवा पीढ़ी, विशेषकर प्रबंधन, अर्थशास्त्र और तकनीकी शिक्षा के छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बजट जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विश्वविद्यालय स्तर पर सीधे संवाद स्थापित कर युवाओं को इससे जोड़ने की पहल सराहनीय है। इससे युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

कार्यक्रम में परीक्षा नियंत्रक प्रो. एल. पी. पुरोहित, प्रो. प्रभात कुमार, प्रो. पंकज मदान, प्रो. विवेक गुप्ता, प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री, प्रो. नमिता जोशी, प्रो. मुदिता अग्निहोत्री, डॉ संगीता मदान, डॉ ऋचा सैनी, डॉ दिलीप कुशवाहा, डॉ. हिमांशु पंडित, डॉ कल्पना, डॉ जसपाल, प्रो. नवनीत, प्रो. मुकेश कुमार, प्रो. देवेन्द्र गुप्ता, डॉ. रीतू अरोड़ा, डॉ. निधि हाण्डा, डॉ. उधम सिंह आदि छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला