home page

गड्ढामुक्ति के दावे पर फील्ड में जांच, उखड़े पैच फिर कराने के निर्देश

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की सड़कों को 15 अक्तूबर तक गड्ढामुक्त करने की कवायद के बीच प्रशासन ने मरम्मत कार्यों की जमीनी हकीकत परखनी शुरू कर दी है। लोनिवि और पीएमजीएसवाई के विभिन्न खंडों में पैचवर्क के साथ नालियों की सफाई, झाड़ी कटान और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का काम चल रहा है। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर पैच उखड़े और सड़क में दरारें मिलीं, जिस पर अधिकारियों ने दोबारा मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने लोनिवि अधिकारियों के साथ कौड़िया-मोटाढाक और कोटद्वार-मवाकोट-कण्वाश्रम मोटर मार्ग का निरीक्षण किया। कौड़िया-मोटाढाक मार्ग पर कई स्थानों पर किए गए पैचवर्क की स्थिति देखी गई। अधिक क्षतिग्रस्त स्थानों पर टाइल्स से की गई मरम्मत का भी जायजा लिया गया। कुछ जगह बारिश के कारण पैच उखड़ने और सड़क पर दरारें मिलने पर संबंधित अधिकारियों को इन्हें दोबारा ठीक कराने के निर्देश दिए गए। सहायक अभियंता ने मौसम साफ होते ही पुनः मरम्मत कराने की बात कही।

संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी गौरी प्रभात ने प्रांतीय खंड के कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र डंडरियाल के साथ पौड़ी-खोलाचौरी और पौड़ी-कालेश्वर मोटर मार्ग का निरीक्षण किया। यहां करीब 20 स्थानों पर किए गए पैचवर्क की स्थिति देखी गई। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिले के अन्य क्षेत्रों में भी एसडीएम स्तर से सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन का जोर केवल गड्ढे भरने पर नहीं, बल्कि सड़क के किनारे नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटान और जल निकासी व्यवस्था सुधारने पर भी है। ताकि बारिश का पानी सड़क पर जमा होकर नए गड्ढे न बनाए।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गड्ढामुक्ति अभियान में गुणवत्ता से समझौता न हो। जिन सड़कों को गड्ढामुक्त घोषित किया जा चुका है, उनका भी सत्यापन कराया जा रहा है। संबंधित अधिशासी अभियंताओं को सत्यापन के बाद प्रमाणपत्र देना होगा।

इसके अलावा प्रतिदिन हुए पैचवर्क, नाली सफाई, झाड़ी कटान और अन्य कार्यों की रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन की सख्ती से अब कागजों में गड्ढामुक्त सड़कें दिखाने के बजाय मौके पर काम की गुणवत्ता साबित करने की चुनौती विभागों के सामने है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह