कोटद्वार में आधार सेवा केंद्र शुरू, अब दूसरे शहरों के चक्कर से मिलेगी निजात
पौड़ी गढ़वाल, 04 सितंबर (हि.स.)। कोटद्वार और आसपास के लोगों को अब आधार संबंधी काम के लिए देहरादून या दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सिम्भलचौड़ में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) का आधार सेवा केंद्र शुक्रवार से शुरू हो गया। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने केंद्र का शुभारंभ किया।
नए केंद्र में आधार नामांकन के साथ जनसांख्यिकीय और जैविक पहचान संबंधी अपडेट समेत विभिन्न सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। केंद्र सप्ताह के सातों दिन निर्धारित अवकाश को छोड़कर संचालित होगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने खुद कराया आधार अपडेट
शुभारंभ के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने स्वयं अपने आधार कार्ड का जैविक पहचान अपडेट कराया। उन्होंने फोटो, अंगुलियों के निशान और आंखों की पुतली की पहचान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने लोगों से आधार में आवश्यक अपडेट समय पर कराने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का अनिवार्य जैविक पहचान अपडेट समय पर कराने को कहा। बताया कि वर्तमान में पांच से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए यह सुविधा निःशुल्क है। समय पर आधार अपडेट होने से बच्चों को स्कूल, छात्रवृत्ति समेत अन्य जरूरी दस्तावेजी प्रक्रियाओं में परेशानी नहीं होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आधार सेवा केंद्र कोटद्वार क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को पूरा करेगा। केंद्र शुरू होने से लोगों के समय और आवागमन दोनों की बचत होगी और उन्हें आधार से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी।शुभारंभ के अवसर पर यूआईडीएआई के उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली के निदेशक कुमार उज्ज्वल, परियोजना प्रबंधक मनु त्रिपाठी, सहायक प्रबंधक नितीश सैनी समेत जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

