home page

केवि मदननेगी की स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक में आवश्यकताओं पर चर्चा

 | 
केवि मदननेगी की स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक में आवश्यकताओं पर चर्चा


नई टिहरी, 19 सितंबर (हि.स.)। नव सृजित केंद्रीय विद्यालय मदननेगी के विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रथम बैठक डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें विद्यालय का संचालन, उपलब्ध संसाधन, कनेक्टिविटी, आधारभूत सुविधाएं और आगामी आवश्यकताओं की समीक्षा की गई।

शनिवार को यहां आयोजित बैठक में केवि मदननेगी के प्राचार्य एमएस रावत ने विद्यालय की आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्य, इंटरनेट कनेक्टिविटी, प्रार्थना सभा स्थल पर मंच निर्माण, विद्यालय परिसर में सोलर पैनल की स्थापना, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, फोटो कॉपी मशीन और अन्य आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने की जरूरत बताई।

बताया गया कि कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत इंटरएक्टिव पैनल, यूपीएस और इन्वर्टर उपलब्ध कराने और भवन में लीकेज की समस्या का समाधान करने का प्रस्ताव भी रखा गया। प्राचार्य ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को स्वीकृति प्राप्त होने के बाद क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा प्रदान की जा रही है। बताया गया कि 4 मई से संचालित स्कूल में कक्षा एक से पांचवीं तक 114 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। डीएम ने ब्रॉडबैंड और इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के समाधान के लिए बीएसएनएल को पत्र भेजकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारी को भवन में लीकेज की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जीआईसी मदन नेगी के प्रिंसीपल मोहन सिंह पंवार, वानिकी महाविद्यालय रानीचौरी के डॉ. पंकज कुमार और डॉ. इंद्र सिंह रावत आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी