केदारनाथ यात्रा तैयारियों की समीक्षा, 15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश
रुद्रप्रयाग, 06 अप्रैल (हि.स.)। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल 2026 से प्रस्तावित है। यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि 15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं और इसके लिए नियमित समीक्षा की जा रही है। पेयजल, विद्युत, उरेडा, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर अधिकांश स्थानों पर सोलर लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि विद्युत लाइनों की मरम्मत और सड़कों पर पैचवर्क का कार्य तेजी से जारी है। यात्रा मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि राष्ट्रीय राजमार्ग और यात्रा मार्गों पर अतिक्रमण न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निकायों को नियमित चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर अनुभव मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

