home page

केदारनाथ धाम में रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं का आगमन, 13 लाख से अधिक यात्री पहुंचे

 | 

गुप्तकाशी, 24 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। यात्रा कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 23 जून तक करीब 13 लाख 12 हजार 449 तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। बरसात का मौसम शुरू होने के बावजूद धाम में तीर्थ यात्रियों की आमद लगातार बनी हुई है। हालांकि यात्राकाल के प्राथमिक दौर की अपेक्षा ये संख्या काफी न्यून है।

जानकारी के अनुसार इस वर्ष प्रतिदिन औसतन 8 हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार बरसाती सीजन में भी यात्रियों की संख्या में बहुत कमी नहीं आई है, जिससे पूरी केदारघाटी में रौनक बनी हुई है।

स्थानीय व्यवसायी मुन्ना सिंह ने बताया कि गत वर्षों की अपेक्षा इस बार बारिश के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि 13 लाख से अधिक यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जिससे स्थानीय व्यापार को भी मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि धाम में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन