home page

कुमाऊं विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी, 29 सितंबर को मतदान

 | 
कुमाऊं विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी, 29 सितंबर को मतदान


नैनीताल, 23 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर, नैनीताल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव तथा छात्राओं के लिए आरक्षित उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष तथा सांस्कृतिक एवं कला, विज्ञान, वाणिज्य, दृश्य कला, तकनीकी, विधि, शिक्षा, बायोमेडिकल साइंस, प्रबंध अध्ययन और कृषि संकाय आदि सभी संकायों के प्रतिनिधि तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के एक-एक पदों के लिए चुनाव होगा।

अधिसूचना के अनुसार 23 सितंबर को सुबह 10 बजे चुनाव की तिथि घोषित करते हुए अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से अधिसूचना की गई। आगे 24 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन प्रपत्रों की बिक्री, 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन तथा 26 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 26 सितंबर को दोपहर 1 से 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी।

28 सितंबर को जिला प्रशासन से स्वीकृति मिलने पर कला प्रांगण में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक छात्रों की आमसभा आयोजित की जाएगी। 29 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदान, दोपहर 2 से 3 बजे तक मतपेटियों को मतगणना केंद्र तक पहुंचाने तथा दोपहर 3 बजे से कॉमर्स हॉल में मतगणना की जाएगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा विजयी प्रत्याशियों को शपथ और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। चुनाव प्रचार 28 सितंबर को शाम 4 बजे के बाद पूरी तरह बंद रहेगा।

विश्वविद्यालय ने मतदान के लिए विद्यार्थियों से अपना शैक्षणिक सत्र 2026-27 का परिचय-पत्र साथ लाने को कहा है। जिन विद्यार्थियों ने अभी परिचय-पत्र नहीं बनवाया है, उन्हें 28 सितंबर को शाम 4 बजे तक इसे बनवाना अनिवार्य किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी