कांग्रेस प्रदेश महिला अध्यक्ष समेत पानी की टंकी पर चढ़े नर्सिंग अभ्यर्थी, मचा हड़कंप
देहरादून, 11 मई (हि.स.)। शहर के एकता विहार स्थित धरना स्थल पर वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का 22 दिन का आमरण अनशन व 158 दिनों से धरना जारी है। आंदोलन ने आज एक नया मोड ले लिया है। साेमवार सुबह चार अभ्यर्थी सर्वे चौक के निकट स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। आंदोलन के समर्थन में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी पानी की टंकी पर चढ़ गईं। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
आक्रोशित आंदोलनकारी पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नर्सिंग एकता मंच से जुड़े आंदोलनकारी टंकी के समीप धरना देकर अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते लंबे समय से आंदोलन कर रहे नर्सिंग कर्मियों का कहना है कि निरंतर धरना देने आमरण अनशन करने के बावजूद सरकार ने उनकी मांगों को लेकर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठा रही है।
अनशन के दौरान उनके कई साथियों की स्वास्थ्य स्थिति भी बिगड़ी है। नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता है तब तक उनके साथी पानी की टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे। उन्होंने कहा कि आमरण अनशन करते हुए उनके 12 साथी अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं, जबकि पांच अभ्यर्थी आईसीयू में इलाज करा चुके हैं लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को लेकर कोई सुध नहीं ली है।
आंदोलनकारियों मांग है कि नियमावली को स्थायी रूप से वर्षवार किया जाए ताकि नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमितता बनी रहे। आंदोलनकारियों ने आईपीएचएस मानकों के आधार पर पूर्व की भांति 2000 पदों पर वर्षवार भर्ती दोबारा प्रारंभ किए जाने की मांग की है।
पानी की टंकी में चढ़ने वालों में नर्सिंग अभ्यर्थी कविता, विनोद, आनंद , धर्मेंद्र और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला शामिल हैं। ज्योति रौतेला का कहना है कि उन्हें नर्सिंग एकता मंच के भाई बहनों की मांगों के समर्थन में इस तरह का प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

